ऑपरेशन नार्कोस के तहत टाटानगर में बड़ी कार्रवाई, 34.7 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) टाटानगर और राजकीय रेल पुलिस (GRP) टाटानगर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर (CKP) तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत कार्रवाई करते हुए 34.7 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 34.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (27 वर्ष), निवासी अरवल, बिहार, बबलू कुमार सिंह (27 वर्ष) तथा अजीत कुमार शाह (24 वर्ष), निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है।


आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तीनों आरोपियों को बरामद गांजा के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना, टाटानगर के सुपुर्द कर दिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत हाल के दिनों में टाटानगर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और रेलवे मार्ग का उपयोग कर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment