झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 19 जुलाई 2026 (रविवार) को जिले के 90 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में 82 वहीं घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत 8 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था एवं कदाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में टाउन हॉल, सिदगोड़ा में बैठक आयोजित की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीसी, नगर आयुक्त जेएनएसी, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीईओ, डीएसई, टीओ, डीएसपी, बीडीओ, सीओ समेत संबंधित सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, केन्द्र ऑब्जर्वर, पेट्रोलिंग दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता-सह-जोनल दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित अधिकारियों को परीक्षा अवधि तक अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा समाप्ति तक तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।
तीन पाली में परीक्षा आयोजित होगी। पहली पाली पूर्वाह्न 8:30-10:30 बजे, दूसरी पाली पूर्वाह्न 11:30-01:30 अपराह्न तथा तीसरी पाली 3:30-5:30 तक होगी। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश निर्धारित समय तक ही अनुमान्य होगा। परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों की अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस पदाधिकारियों एवं महिला पुलिस बल द्वारा की जाएगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, स्मार्ट वॉच तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केन्द्र में लाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केन्द्रों पर स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जाएगा।

सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 19 जुलाई को प्रातः 5:00 बजे जिला नियंत्रण कक्ष से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर समय से पहुंचना सुनिश्चित करें।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने कहा कि झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ-साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं हो इसे सुनिश्चित करेंगे।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पेट्रोलिंग एवं उड़नदस्ता दल लगातार सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि कदाचार, प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#Team PRD (East Singhbhum)




