जमशेदपुर, 15 जुलाई 2026: गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक एवं अन्य संबंधित बैंक अधिकारियों के खिलाफ लगभग 40 लाख रुपये के निवेश से जुड़े मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कथित धोखाधड़ी, विश्वासघात और निवेश राशि के गबन का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
पीड़ित के अनुसार वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश करने की सलाह दी। बैंक अधिकारियों के मार्गदर्शन और उन पर जताए गए विश्वास के आधार पर उन्होंने अलग-अलग चरणों में करीब 40 लाख रुपये का निवेश किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब मकान निर्माण के लिए निवेश की राशि निकालने की आवश्यकता पड़ी, तब बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उनकी कुल निवेश राशि में से केवल 8 लाख रुपये ही उपलब्ध हैं। निवेश और उपलब्ध राशि के बीच भारी अंतर देखकर उन्होंने शाखा प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन स्पष्ट उत्तर देने के बजाय अलग-अलग कारण बताकर मामला टालने का प्रयास किया गया।
बदल कुमार कुंडू का कहना है कि उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन अब तक न तो शिकायत का संतोषजनक समाधान हुआ और न ही कथित रूप से निवेश राशि वापस की गई। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बैंक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है।

बैंक की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
इस मामले में फिलहाल बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, गोलमुरी थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





