डीडी बार हत्याकांड में एसआईटी को बड़ी सफलता, दो और आरोपी गिरफ्तार, फरारी में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डीडी बार हत्याकांड की जांच कर रही विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना के बाद मुख्य आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी (जेएच05ईएच-6474) भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई के साथ अब तक इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-84/2026 के तहत 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के समीप हुए जानलेवा हमले के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम लगातार तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, मानवीय आसूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर जांच कर रही है।

एसआईटी ने फरार आरोपियों की तलाश में चलाए जा रहे अभियान के दौरान राघवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र उर्फ घेरे (40) और गणेश मछुवा (34) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान गणेश मछुवा की निशानदेही पर घटना के बाद आरोपियों के भागने में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होगी।

जांच में यह भी सामने आया है कि गणेश मछुवा ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेंद्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गणेश मछुवा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है।

सिटी एसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है तथा जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस चर्चित हत्याकांड में शामिल प्रत्येक आरोपी को कानून के दायरे में लाकर मामले का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment