सरायकेला खरसावां जिला कांग्रेस पार्टी के पूर्व वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फूलकांत झा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित स्मारपत्र भेजकर चक्रधरपुर, घाटशिला और चांडिल अनुमंडलों को जिला घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन अनुमंडलों को बने दो दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इन्हें जिला का दर्जा नहीं मिल सका है, जिससे आम लोगों को प्रशासनिक सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।स्मारपत्र में झा ने उल्लेख किया कि चक्रधरपुर अनुमंडल को बने लगभग 25 वर्ष हो चुके हैं। इसके बावजूद पश्चिमी सिंहभूम जिले के दूरस्थ क्षेत्रों जैसे चाईबासा, जगन्नाथपुर, नोवामुंडी, मनोहरपुर, गोइलकेरा और मझगांव के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए 80 से 100 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करनी पड़ती है। इससे सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।उन्होंने कहा कि घाटशिला अनुमंडल के बहरागोड़ा, चाकुलिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी जिला मुख्यालय जमशेदपुर तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं चांडिल अनुमंडल, जो लगभग 24 वर्षों से अस्तित्व में है, उसके लोगों को भी सरायकेला जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं।फूलकांत झा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आगामी मानसून सत्र में इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए चक्रधरपुर, घाटशिला और चांडिल को नए जिले के रूप में घोषित किया जाए। उनका कहना है कि नए जिलों के गठन से प्रशासन आम जनता के और करीब पहुंचेगा, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी







