15 दिवसीय योग, आयुर्वेद एवं नशा मुक्ति शिविर का भव्य समापन, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित 15 दिवसीय योग, आयुर्वेद दर्शन एवं नशा मुक्ति शिविर का बुधवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। पंद्रह दिनों तक चले इस शिविर में व्यापारियों, युवाओं और नगरवासियों ने योग, प्राणायाम, आयुर्वेद तथा स्वस्थ जीवनशैली का प्रशिक्षण प्राप्त किया।समापन समारोह में चैंबर अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य योग प्रशिक्षक किशोर मिश्रा को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सह चैंबर महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।योग प्रशिक्षक किशोर मिश्रा ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का पुनरावलोकन कराते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक  स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा आयुर्वेद प्राकृतिक एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है।

पतंजलि योगपीठ के जिला प्रतिनिधि नंदकिशोर झा, वीरेंद्र नाथ महतो एवं विश्वनाथ परिहारी ने योग और भारतीय जीवन पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। चैंबर अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि संस्था आगे भी सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग, आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया

Leave a Comment