बागबेड़ा में पाइपलाइन कार्य के बाद छोड़े गए गड्ढे को भरने एवं संवेदक पर कार्रवाई की मांग
बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी पंचायत अंतर्गत कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 स्थित मुख्य सड़क पर पाइपलाइन कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे को अविलंब भरवाने तथा लापरवाही बरतने वाले संवेदक के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट एवं कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार को मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में बताया गया कि डीएमएफटी मद से लगभग 4 लाख रुपये की लागत से करीब 50 घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु पाइपलाइन इंटर कनेक्शन का कार्य कराया गया था, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बावजूद मुख्य सड़क पर खोदा गया गड्ढा नहीं भरा गया, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।

मामले की जानकारी मिलने पर पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता आशुतोष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संवेदक को अविलंब गड्ढा भरने का निर्देश दिया। संवेदक ने स्लैब लगाकर गड्ढे को सुरक्षित करने तथा शीघ्र ही उसे पूरी तरह भरने का आश्वासन दिया है।
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के साथ मिथिलेश कुमार सिंह, सुरेश प्रसाद रानू, अभिषेक उपाध्याय एवं राजा उपस्थित थे।




