जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मानगो क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ संख्या-276 एवं 277 (मदरसा दारुल इस्लाम, रोड संख्या-12, आजाद नगर) तथा बूथ संख्या-326 एवं 327 (कबीरिया उर्दू मध्य विद्यालय, जाकिर नगर, क्रॉस रोड संख्या-10) का जायजा लिया। मौके पर अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, मानगो सीओ व अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बूथों पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य, गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण एवं प्राप्ति, डिजिटाइजेशन की प्रगति तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त कर समयबद्ध रूप से उसका डिजिटाइजेशन कराया जाए।

उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से भी अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे अविलंब बीएलओ के पास प्रपत्र जमा करें, ताकि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसमें सभी नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।





