विधायक सरयू राय के चित्र का अपमान करने वालों के विरुद्ध मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज

जमशेदपुर, 13 जुलाई। मानगो गोलचक्कर पर कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय के चित्र के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में जद(यू) जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष श्री अजय कुमार ने सोमवार को मानगो थाना प्रभारी श्री नित्यानंद को लिखित शिकायत सौंपकर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने विधायक श्री सरयू राय के चित्र पर गुटखा थूका, अपशब्द कहे तथा सार्वजनिक रूप से उनका अपमान किया। आवेदन में घटना में शामिल आरोपित व्यक्तियों के नामों का भी उल्लेख करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

इस अवसर पर जद(यू) पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है, किंतु किसी जनप्रतिनिधि के चित्र का इस प्रकार अपमान करना लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक मर्यादाओं और सभ्य राजनीतिक संस्कृति के विपरीत है। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन अभद्रता और व्यक्तिगत अपमान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

प्रतिनिधिमंडल में पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, दिनेश सिंह, विकाश साहनी, विकास रजक, मृत्युंजय शर्मा, प्रेम सक्सेना, दीपक गौड़, लालू गौर, प्रवीण सिंह, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता, विनोद सिंह, श्रीन अख्तर, विजेंद्र सिंह, रीना डे, बीरू सिंह, राजीव सिंह सहित जनता दल (यू) के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जद(यू) नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा हो सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई