गोलमुरी सर्कस मैदान में राजधानी सर्कस का रोमांच, 16 अगस्त तक रोज होंगे तीन शो
जमशेदपुर: गोलमुरी सर्कस मैदान में आयोजित राजधानी सर्कस को लेकर सोमवार को सर्कस प्रबंधन ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। प्रबंधन ने बताया कि बीते शनिवार से राजधानी सर्कस आम जनता के लिए शुरू हो चुकी है और इसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
प्रबंधन के अनुसार, सर्कस का आयोजन 16 अगस्त तक गोलमुरी सर्कस मैदान में किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन तीन शो आयोजित होंगे, जिनमें दर्शकों को रोमांच और मनोरंजन से भरपूर प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। टिकट की कीमत 100, 150 और 200 रुपये निर्धारित की गई है, ताकि हर वर्ग के लोग सर्कस का आनंद ले सकें।

सर्कस में असम, मिजोरम सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षित कलाकार अपने हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर रहे हैं। कलाकारों द्वारा हवा में रोमांचक स्टंट, संतुलन कला, हास्य कार्यक्रम और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों को रोमांचित कर रही हैं। प्रबंधन का दावा है कि इस बार कई नए और आधुनिक कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
गौरतलब है कि शनिवार को राजधानी सर्कस का भव्य शुभारंभ समाजसेवी चंद्रगुप्त सिंह ने फीता काटकर किया था। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पहले ही दिन दर्शकों का दिल जीत लिया और पूरे मैदान में तालियों की गूंज सुनाई दी।
प्रबंधन ने बताया कि परिवारों और बच्चों में सर्कस के प्रति बढ़ते आकर्षण को देखते हुए इस बार जमशेदपुर में विशेष आयोजन किया गया है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ गोलमुरी सर्कस मैदान पहुंचकर राजधानी सर्कस के रोमांचक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लें। उद्घाटन के बाद से लगातार दर्शकों की अच्छी उपस्थिति सर्कस प्रबंधन के लिए उत्साहजनक रही है।





