डेढ़ करोड़ के पन्ना पत्थर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बहरागोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

डेढ़ करोड़ के पन्ना पत्थर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बहरागोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जमशेदपुर/बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले की बहरागोड़ा पुलिस को अवैध पत्थर तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी कर लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का 1 किलो 95 ग्राम पन्ना (एमराल्ड) पत्थर बरामद किया है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 2300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों का संबंध एक संगठित तस्करी गिरोह से है, जो बहुमूल्य पत्थरों की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त था।


ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान ओडिशा के मयूरभंज निवासी एक अन्य तस्कर की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई