जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 476/2026
11 जुलाई 2026
उपायुक्त ने डिजिटल कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी, कम वर्षा की स्थिति में वैकल्पिक फसलों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति किसानों को करेगा जागरूक
दो डिजिटल कृषि रथ जिले के सभी 11 प्रखंडों का करेंगे भ्रमण, सरकार की कृषि योजनाओं एवं कंटीजेंसी प्लान की देंगे जानकारी
समाहरणालय परिसर से जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने दो डिजिटल कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार की पहल पर संचालित यह जागरूकता अभियान जिले के किसानों तक कम वर्षा की स्थिति में अपनाई जाने वाली वैकल्पिक खेती, सिंचाई प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि कम वर्षा की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा तैयार कंटीजेंसी प्लान के संबंध में किसानों को जागरूक किया जाना आवश्यक है। डिजिटल कृषि रथ के माध्यम से किसानों को यह जानकारी दी जाएगी कि कम वर्षा की स्थिति में धान के अलावा किन-किन वैकल्पिक फसलों की खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों को समय पर सही तकनीकी सलाह उपलब्ध कराकर उनकी कृषि को अधिक सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

आत्मा, जिला कृषि विभाग की उप परियोजना निदेशक श्रीमती गीता कुमारी ने बताया कि इस वर्ष खरीफ मौसम में एल-नीनो (El Niño) के संभावित प्रभाव के कारण कम वर्षा की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा डिजिटल कृषि रथ के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती, जल एवं सिंचाई प्रबंधन, उन्नत बीजों के उपयोग, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव पहुंचाई जाएगी।
#Team PRD (East Singhbhum)





