राहुल बच्चा हत्याकांड का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

राहुल बच्चा हत्याकांड का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
जमशेदपुर: शहर के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में मानगो थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने के बाद हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और फिलहाल उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को मानगो थाना क्षेत्र में राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के बाद मृतक के भाई राजा कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय शामिल हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।


पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी साहेब सिंह की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के लिए टीम उसे लेकर गई थी। इसी दौरान उसने छिपाकर रखी लोडेड देशी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साहेब सिंह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, खून से सने कपड़े, ईंट-पत्थर, लकड़ी, चप्पल, खून लगे रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत कई अहम साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी साहेब सिंह, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा के खिलाफ भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Comment