घाटशिला के मुसाबनी में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, टाटा मैजिक सहित दो गिरफ्तार
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर उसके चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है, जबकि वाहन मालिक एवं मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 जुलाई की मध्यरात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक वाहन से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के लिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा–मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक (संख्या JH05BN2155) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 25 कार्टन में 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने पूरी खेप और वाहन को जब्त कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक जानूम सिंह सुंडी (25 वर्ष) और खलासी सोमा पूर्ति (30 वर्ष) ने बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी एवं वाहन मालिक बुधराम बेसरा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में मुसाबनी थाना कांड संख्या 23/2026 दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274/275 एवं आबकारी अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





