प्रेस विज्ञप्ति
सिंहभूम चैंबर एवं फिक्की द्वारा शारजाह सरकार के अधिकारियों के साथ उद्यमियों की बी2बी बैठक, वैश्विक व्यापार के नए अवसरों पर हुई विस्तृत चर्चा
जमशेदपुर, 10 जुलाई, 2026।
कोल्हान क्षेत्र में व्यापार, उद्योग एवं आर्थिक विकास को निरंतर नई दिशा देने वाले सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के सहयोग से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की शारजाह सरकार के शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (SAIF) ज़ोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्यमियों की विशेष वन-टू-वन (B2B) बिजनेस मीटिंग का आयोजन 9 एवं 10 जुलाई, 2026 को होटल विवांता, गोलमुरी, जमशेदपुर में किया।
शारजाह सरकार के प्रतिनिधिमंडल में श्री अली अल मुतावा एवं श्री शोएब इब्राहिम खतीब शामिल थे, जबकि फिक्की की ओर से सुश्री सेजल सिंह उपस्थित रहे। सिंहभूम चैंबर की ओर से अध्यक्ष श्री मानव केड़िया, कोषाध्यक्ष श्री अनिल रिंगासिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) श्री अनिल मोदी, उपाध्यक्ष (कराधान एवं वित्त) श्री राजीव अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री पंकज पटेल, श्री कमल लाढ़ा एवं श्री बजरंग अग्रवाल उपस्थित थे।

बैठक के दौरान एसएआईएफ ज़ोन के अधिकारियों ने बताया कि उनका संगठन पिछले 30 वर्षों से सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है तथा यह उनका जमशेदपुर का पाँचवाँ दौरा है, जो इस क्षेत्र की व्यावसायिक संभावनाओं में उनकी निरंतर रुचि को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एसएआईएफ ज़ोन में लगभग 8,500 कंपनियाँ संचालित हैं, जिनमें लगभग 60 प्रतिशत भारतीय कंपनियाँ हैं। जहाँ विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना एवं उद्योग-अनुकूल नीतियाँ उपलब्ध हैं।
अधिकारियों ने भारतीय उद्यमियों को शारजाह में उद्योग एवं व्यापार स्थापित करने हेतु उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहाँ औद्योगिक भूखंड, आधुनिक वेयरहाउस, आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ, श्रमिक आवास सहित अनेक सुविधाएँ आकर्षक शर्तों पर उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त शून्य कस्टम ड्यूटी, शून्य कर , रेजिडेंट वीज़ा, स्थानीय बैंक खाता खोलने की सुविधा तथा मात्र 60 मिनट में कंपनी पंजीकरण जैसी विशेष सुविधाएँ एसएआईएफ ज़ोन को भारतीय निवेशकों के लिए अत्यंत आकर्षक बनाती हैं।
इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष श्री मानव केड़िया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कोल्हान क्षेत्र के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शारजाह सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अनुकूल व्यापारिक वातावरण एवं सुविधाओं का लाभ उठाकर क्षेत्र के उद्यमी मध्य-पूर्व में अपने व्यवसाय का सफल विस्तार कर सकेंगे तथा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करेंगे।
उन्होंने बताया कि शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (SAIF) ज़ोन के अधिकारी जमशेदपुर के उद्यमियों के साथ वन-टू-वन बी2बी बैठकें कर रहे हैं। ये बैठकें 9 जुलाई से प्रारंभ होकर 10 जुलाई की दोपहर तक जारी रहेंगी, जिससे सहभागी उद्यमियों को शारजाह में निवेश, व्यापार एवं उद्योग विस्तार की संभावनाओं को निकट से समझने का अवसर मिलेगा।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फिक्की एवं शारजाह सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संवाद स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चैंबर ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि कोल्हान क्षेत्र के उद्योग एवं व्यापार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान एवं विस्तार मिल सके।






