जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 467/2026
09 जुलाई 2026
उपायुक्त ने चाकुलिया अंचल एवं प्रखंड कार्यालय का किया निरीक्षण, SIR, विकास कार्य, राजस्व एवं भूमि मामलों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
SIR-2026 में प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन में तेजी लाने, लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन तथा विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया बल
प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने चाकुलिया अंचल एवं प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान, विकास योजनाओं, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की।

SIR-2026 की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण एवं BLO ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड निरीक्षण किया जाए।राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा के क्रम में उन्होंने दाखिल-खारिज, ऑनलाइन म्यूटेशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, परिमार्जन सहित अन्य लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निष्पादन संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा अनावश्यक लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में अभिलेखों के संधारण, कार्यालय व्यवस्था एवं जन शिकायतों के निष्पादन की भी समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्यालय आने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, एसडीओ घाटशिला, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
#Team PRD (East Singhbhum)





