कृषि विज्ञान केन्द्र, घाटशिला में महिला किसान गोष्ठी एवं महिला अनुकूल कृषि यंत्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 464/2026
09 जुलाई 2026

कृषि विज्ञान केन्द्र, घाटशिला में महिला किसान गोष्ठी एवं महिला अनुकूल कृषि यंत्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

मुख्य अतिथि के रूप में जिला के उपायुक्त हुए शामिल, बोले- महिला अनुकूल तकनीकों के उपयोग से श्रम कम होगा, कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा आय में वृद्धि होगी

कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके), पूर्वी सिंहभूम द्वारा महिला कृषकों को कृषि कार्यों में आत्मनिर्भर, सशक्त एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से ‘महिला किसान गोष्ठी एवं महिला अनुकूल कृषि यंत्र जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन घाटशिला परिसर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त श्री राजीव रंजन शामिल हुए। उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त श्री अनुराग तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। मौके पर अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ सीमा सिंह तथा अन्य वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान, कृषि विज्ञान केन्द्र ने सभी अतिथियों एवं महिला किसानों का स्वागत करते हुए केन्द्र द्वारा जिले में संचालित विभिन्न कृषि, उद्यानिकी, पोषण, प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, मिलेट्स एवं महिला सशक्तिकरण संबंधी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केवीके किसानों तक नवीन तकनीकों को पहुंचाने तथा उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

अपने संबोधन में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने कहा कि कृषि में आधुनिक एवं महिला अनुकूल तकनीकों के उपयोग से महिलाओं का श्रम कम होगा, कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए धान के साथ-साथ मोटे अनाज (श्री अन्न/मिलेट्स) एवं अन्य वैकल्पिक फसलों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिला किसानों तक पहुंचाया जाए तथा कृषि में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उप विकास आयुक्त ने महिला किसानों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने तथा स्वयं सहायता समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से मूल्य संवर्धन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों को महिला अनुकूल कृषि यंत्रों की उपयोगिता, संचालन एवं रखरखाव के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने निराई-गुड़ाई, बुवाई, कटाई एवं अन्य कृषि कार्यों में उपयोगी महिला अनुकूल उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों के बीच बीज एवं कृषि यंत्र का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा महिला किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, जलवायु अनुकूल कृषि एवं पोषण सुरक्षा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, पूर्वी सिंहभूम के वैज्ञानिकगण, कृषि विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्या तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई बड़ी संख्या में महिला किसान उपस्थित रहीं।

#Team PRD (East Singhbhum)

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई