जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 452/2026
07 जुलाई 2026
जन शिकायत निवारण दिवस: उपायुक्त ने जिला अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी, संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
तीन दिव्यांगजनों को दी गई ई-ट्राइ साइकिल, लाभुकों ने त्वरित लाभ देने के लिए उपायुक्त का जताया आभार
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान सड़क मरम्मतीकरण, नाली निर्माण, भूमि विवाद, भूमि अभिलेखों में सुधार, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, सर्वजन पेंशन, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांगजनों को ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने, आर्म्स लाइसेंस, चिकित्सीय सहायता, सेविका पद पर नियुक्ति, विद्यालय में नामांकन, अवैध खनन की शिकायत, मृत्यु मुआवजा तथा एसपीसीए (सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रूएलिटी टू एनिमल्स) के गठन से संबंधित आवेदन व जनहित की अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा तथा पात्र मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों में स्थलीय जांच अथवा विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करते हुए आवेदकों को प्रगति से भी अवगत कराया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
#Team PRD (East Singhbhum)






