टाटानगर पहुंचते ही डीआरएम का एक्शन, गीतांजलि एक्सप्रेस के पैंट्रीकार पर ₹19 हजार का जुर्माना
जमशेदपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने शुक्रवार को टाटानगर आने के दौरान हावड़ा–मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस में सफर करते हुए ऑन-रनिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रेन के पैंट्रीकार का भी गहन जायजा लिया।
जांच के दौरान पैंट्रीकार में साफ-सफाई, रखरखाव तथा खानपान से संबंधित कई खामियां पाई गईं। डीआरएम ने अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर करीब ₹19,000 का जुर्माना लगाया। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल कमियों को दूर करने तथा यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। रेलवे प्रशासन समय-समय पर ट्रेनों में इस तरह के औचक निरीक्षण करता रहेगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से रेलवे की कैटरिंग व्यवस्था में सुधार और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक कड़ा संदेश गया है





