। झारखंड के जमशेदपुर में लगातार बढ़ रहे अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में महानगर इकाई द्वारा बुलाए गए ‘बंद’ का शुक्रवार को व्यापक असर देखने को मिला। सांसद विद्युत वरण महतो ने इस दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए शहर को ‘क्राइम जोन’ करार दिया।
सड़क पर उतरकर बंद का नेतृत्व कर रहे सांसद महतो ने कहा कि पिछले छह-सात वर्षों में जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ा है। हत्या, लूट और छिनतई जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। हाल ही में पुलिस के सामने हुई हिमांशु की जघन्य हत्या प्रशासन की बड़ी विफलता है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
उन्होंने शहर के मानगो इलाके का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि वहां जमीन विवाद को लेकर हाल ही में चार-पांच हत्याएं हो चुकी हैं।
सांसद श्री महतो ने कहा कि जमशेदपुर की आम जनता और व्यापारिक कमेटियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस आंदोलन का पूरा समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता एक दिन पहले से ही घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे थे।
बंद के प्रभाव और आगे की रणनीति के सवाल पर महतो ने कहा, ‘‘इस बंद का मुख्य उद्देश्य सोई हुई सरकार को जगाना है ताकि कानून-व्यवस्था दुरुस्त हो सके। यदि सरकार अब भी नहीं चेती तो आंदोलन के और भी कई रास्ते खुले हैं।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड में निवेश आकर्षित करने और आम लोगों के चैन से जीने के लिए राज्य की कानून-व्यवस्था का ठीक होना अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा , महामंत्री राजीव सिंह,अमरजीत सिंह राजा, बलबीर मंडल, रंजीत कुमार सिंह,जटाशंकर पांडेय, हरेंद्र पांडेय, विनोद राय, राकेश सिंह, मनोज वाजपेयी, मोंटी अग्रवाल, अमित संघी, प्रदीप मुखर्जी समेत सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बंद कराने साकची बाजार में मौजूद थे।





