पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी का कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
डबल डाउन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिला कांग्रेस का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल, हर स्तर पर न्याय दिलाने का दिया भरोसा- परविंदर सिंह
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह जिला प्रभारी शशिभूषण राय के नेतृत्व में आदित्यपुर के हरिओम नगर स्थित स्वर्गीय हिमांशु सिंह के पिता श्री अरविंद सिंह के आवास पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बीते दिनों डबल डाउन (बिस्टुपुर) के समीप हुई भीषण आपराधिक घटना में मृत हिमांशु सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के प्रभारी नीरज भोक्ता, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह, जिला महामंत्री कौशल प्रधान, प्रदेश प्रवक्ता प्रताप यादव सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वर्गीय हिमांशु सिंह के पिता श्री अरविंद सिंह से विस्तृत बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला प्रभारी शशिभूषण राय एवं जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जघन्य एवं अमानवीय घटना की घोर निंदा करती है। पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस गंभीर मामले को झारखंड प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने भी संज्ञान में लिया है और आवश्यक कार्रवाई के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वर्गीय हिमांशु सिंह के पिता श्री अरविंद सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि उनका पुत्र परिवार का एकमात्र सहारा था। लगभग एक वर्ष पूर्व ही उसका विवाह हुआ था और आज उसकी पत्नी कम उम्र में ही विधवा हो गई है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक की पत्नी को तत्काल सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, घटना में शामिल सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा।
पीड़ित परिवार की मांगों एवं संपूर्ण घटनाक्रम से अवगत होने के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी मनोज कौशिक के समक्ष पूरे मामले को विस्तारपूर्वक रखते हुए राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन से अविलंब प्रभावी कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि डबल डाउन प्रतिष्ठान के मालिक की भूमिका की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए तथा यदि उनकी किसी प्रकार की लापरवाही अथवा संलिप्तता पाई जाती है तो उनके विरुद्ध भी आपराधिक प्राथमिकी दर्ज कर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट कहा कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। पार्टी इस मामले को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
भवदीय
संजय सिंह आजाद
कार्यालय प्रभारी






