जमशेदपुर में 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार, APK फाइल भेजकर करते थे ठगी
जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लगभग 30 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा किया है। आरोपी फर्जी APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का नियंत्रण हासिल करते थे और बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में देवघर निवासी संजय कुमार, देवघर निवासी सुनील कुमार झा, जामताड़ा निवासी राहुल कुमार रवानी और सरायकेला निवासी राहुल कुमार ठाकुर शामिल हैं। इनमें राहुल कुमार रवानी के खिलाफ पहले से साइबर अपराध का मामला दर्ज है।
यह कार्रवाई साइबर क्राइम पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर की गई। जांच में पता चला कि आरोपियों ने ओडिशा निवासी भागीरथी मोहंती से 99,017 रुपये की ठगी की थी। ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर की लोकेशन मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर-4 में मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। बैंक खाता बंद होने का डर दिखाकर वे पीड़ितों को एक फर्जी APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजते थे। फाइल इंस्टॉल होते ही मोबाइल का एक्सेस अपराधियों के पास पहुंच जाता था, जिसके बाद वे बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने झारखंड के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई लोगों को निशाना बनाया है। आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी कोलकाता से फर्जी सिम कार्ड खरीदते थे और पिछले करीब छह महीने से मानगो में किराये के मकान में रहकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह पिछले दो वर्षों से सक्रिय था और ठगी की रकम 30 लाख रुपये से अधिक भी हो सकती है।
यह कार्रवाई बिष्टुपुर साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार के नेतृत्व में साइबर पुलिस टीम ने की। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






