जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह का कड़ा बयान

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी का कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति

जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह का कड़ा बयान

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन के समीप घटित जघन्य आपराधिक घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी, चापड़बाजी एवं अन्य हिंसक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि कथित रूप से पुलिस वाहन से व्यक्ति को खींचकर उस पर चाकू एवं चापड़ से हमला करने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। यदि ऐसी घटनाएं सत्य हैं, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है और इसकी निष्पक्ष एवं कठोर जांच आवश्यक है।
परविंदर सिंह ने कहा कि यह घटना न केवल शहर की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि पुलिस प्रशासन के समक्ष भी एक गंभीर चुनौती प्रस्तुत करती है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि इस पूरे मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।


उन्होंने कहा कि वर्तमान गठबंधन सरकार कानून के शासन एवं सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। किसी भी कीमत पर अपराध, भ्रष्टाचार अथवा असामाजिक तत्वों को संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए। अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष, त्वरित एवं कठोर कार्रवाई ही जनता का विश्वास बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
जिला अध्यक्ष ने मांग की कि बढ़ते अपराधों की समीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाए, जिसमें अपराध की रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा अपराध की ओर बढ़ रहे युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए भी ठोस प्रयास आवश्यक हैं।
परविंदर सिंह ने कहा कि यदि समय रहते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आम नागरिकों, छात्रों, महिलाओं, व्यापारियों एवं शांतिप्रिय लोगों के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण गहरा सकता है। इसलिए पुलिस प्रशासन को बिना विलंब आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि जमशेदपुर की शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था को सुदृढ बनाया जा सके।

भवदीय
परविंदर सिंह
अध्यक्ष
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी, जमशेदपुर

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई