रांची में चढ़ा फुटबॉल फीवर, डूरंड कप के लिए तैयार बिरसा मुंडा स्टेडियम
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों फुटबॉल का जुनून चरम पर है। पहली बार शहर को प्रतिष्ठित डूरंड कप की मेजबानी का मौका मिला है। प्रतियोगिता के तहत 26 जुलाई से 16 अगस्त के बीच कई रोमांचक मुकाबले रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे।
टूर्नामेंट को लेकर स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की ड्रेसिंग रूम, लाइटिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आयोजकों के अनुसार, रांची में होने वाले सभी मुकाबले शाम 4 बजे के बाद शुरू होंगे, ताकि दर्शकों को बेहतर माहौल में मैच देखने का अवसर मिल सके। देश की शीर्ष फुटबॉल टीमें मैदान में उतरेंगी, जिससे झारखंड के खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय फुटबॉल का रोमांच देखने का मौका मिलेगा।
डूरंड कप की मेजबानी से रांची राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगा। साथ ही राज्य के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।






