भरत तिवारी हत्याकांड के विरोध में डिमना चौक पर प्रदर्शन, महिलाओं ने सम्राट चौधरी के खिलाफ जताया आक्रोश
जमशेदपुर: बिहार के भोजपुर में हुई युवा नेता भरत तिवारी की हत्या के विरोध में गुरुवार को जमशेदपुर के डिमना चौक पर श्रद्धांजलि सभा एवं विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी रीता सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग उठाई।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धांजलि सभा से हुई, जहां उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मोमबत्तियां जलाकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने भरत तिवारी की हत्या को लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय पर हमला बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए रीता सिंह ने कहा कि भरत तिवारी की हत्या से समाज में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा के बाद महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भरत तिवारी हत्याकांड के दोषियों को बचाने का कोई प्रयास नहीं होना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। सभी ने भरत तिवारी की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।







