कोलकाता । कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को निर्माणाधीन गोदाम की छत के ढहने से 8 श्रमिकों की मौत हो गई है, जबकि 20 घायल हो गए। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष से निर्माणाधीन इस गोदाम की छत बुधवार दोपहर 12:07 बजे अचानक ढह गई। हादसे के समय वहां करीब 40 श्रमिक काम कर रहे थे। मलबे के नीचे अभी भी 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया।
अधिकारियों के अनुसार, लगभग 20,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले इस गोदाम के भीतर कोई अलग दीवार या कमरा नहीं था, जिसके कारण पूरी संरचना एक साथ ढह गई। अतिरिक्त भार के दबाव में लोहे के बीम भी कई स्थानों पर मुड़ गए। घटनास्थल पर सिविल डिफेंस, सेना, एनडीआरएफ, दमकल और कोलकाता पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।






