प्रेस विज्ञप्ति
रांची स्थित आरएसएस कार्यालय पर हमला कोई सामान्य अपराध नहीं, राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर आतंकी विषय एवं साजिश : भरत सिंह
जमशेदपुर, 19 जून : राँची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर हुए आतंकी हमले के तार आईएसआई (ISI) और तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) जैसे खतरनाक संगठनों से जुड़ने की पुष्टि होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भरत सिंह ने इस घटना पर गहरी चिंता और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस पूरे मामले को झारखंड की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा और गंभीर खतरा करार दिया है।
श्री सिंह ने राज्य सरकार से संघ के प्रांत प्रचारक एवं सभी महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों को सुरक्षा देने और संघ कार्यालय में पुलिस सुरक्षा बल देने की मांग की।
भाजपा नेता भरत सिंह ने कहा कि राजधानी राँची के अति सुरक्षित क्षेत्र में स्थित संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला करना कोई सामान्य आपराधिक घटना नहीं थी, बल्कि यह राज्य में अमन-चैन को बिगाड़ने और एक बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने का सोचा-समझा प्रयास था। उन्होंने झारखंड पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कस्टडी से भागने के बाद मुख्य आरोपी सैफ अंसारी को हाफ एनकाउंटर में दबोचकर सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है।

उन्होंने इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच का जिम्मा झारखंड एटीएस (Anti-Terrorism Squad) को सौंपे जाने के फैसले का स्वागत किया है। भरत सिंह ने मांग की है कि एटीएस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करे ताकि झारखंड में सक्रिय स्लीपर सेल्स और देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को जड़ से उखाड़ा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी कीमत पर आतंकी गतिविधियों और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।





