प्रतिभा का सम्मान, सफलता का अभिनंदन : डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के लिए भव्य सम्मान समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न

प्रतिभा का सम्मान, सफलता का अभिनंदन : डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के लिए भव्य सम्मान समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न

दिनांक : 19 जून 2026

डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल में दिनांक 19 जून 2026 को सी.बी..एस.ई. कक्षा 10वीं एवं 12वीं (सत्र 2025–26) की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में विद्यालय के सभागार ‘कलाकृति’ में एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उन्हें उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था।

कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 15 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए पुरस्कारस्वरूप 35 ग्राम के चाँदी के मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 32 विद्यार्थियों को 20 ग्राम के चाँदी के सिक्के एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 4 विद्यार्थियों को 35 ग्राम के चाँदी के मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा 85% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 5 विद्यार्थियों को 20 ग्राम के चाँदी के सिक्के एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कक्षा 10वीं एवं 12वीं, दोनों वर्गों में प्रत्येक विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से नकद पुरस्कार प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता का अभिनंदन किया गया।

इस वर्ष विद्यार्थियों ने गत वर्ष की तुलना में विभिन्न विषयों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन, सतत् परिश्रम एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।

इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय की प्रेसिडेंट एवं चेयरपर्सन (प्रशासन) श्रीमती ललिता चंद्रशेखर, चेयरपर्सन (फाइनेंस) डॉ. बी. चंद्रशेखर, सचिव श्रीमती अनीता रामकृष्णा, संयुक्त सचिव श्रीमती उषा मालिनी, संयुक्त कोषाध्यक्षा श्रीमती पी. एस. अरुणा, प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा, सीनियर विभाग की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती सुपर्णा राय, जूनियर विभाग की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती एस. शिरीन, कोऑर्डिनेटर, शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरपर्सन (फाइनेंस )डॉक्टर बी चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज सम्मानित होने वाले ये विद्यार्थी केवल अपनी व्यक्तिगत सफलता का उत्सव नहीं मना रहे हैं, बल्कि वे परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की उस प्रेरक यात्रा का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो प्रत्येक छात्र को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करती है। हमें विश्वास है कि ये मेधावी विद्यार्थी अपने ज्ञान, मूल्यों और कर्मनिष्ठा के बल पर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे तथा विद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।”

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती गुरप्रीत भामरा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “सफलता केवल उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने में नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, विनम्र बने रहने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने में निहित है। आप सभी की उपलब्धियाँ पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय हैं। अपने सपनों को ऊँचा रखें, परिश्रम को अपना साथी बनाए रखें और सदैव उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहें।”

सभी गणमान्य अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय परिवार इन उपलब्धियों पर गर्व अनुभव करता है, जो विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का सशक्त प्रमाण हैं।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के सम्मान, सामूहिक अभिनंदन एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

दिनांक 18.06.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि उलीडीह ओ.पी. अंतर्गत डिमना चौक के पास एक व्यक्ति अवैध आग्नेयास्त्र के साथ ब्लू रंग की R15 मोटरसाइकिल पर घूम रहा है तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।