जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर
प्रेस विज्ञप्ति 409/2026
18 जून 2026
उपायुक्त ने मुसाबनी एवं डुमरिया प्रखंड कार्यालय का किया निरीक्षण, पंजी संधारण, अभिलेखों की जांच एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में प्रगति की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुसाबनी में आम बागवानी योजना के लाभुक से किया संवाद, डुमरिया में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर जल्द शिफ्टिंग के दिए निर्देश
प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन द्वारा मुसाबनी एवं डुमरिया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में पंजी संधारण, कर्मियों की उपस्थिति, विभिन्न योजनाओं से संबंधित अभिलेखों एवं संचिकाओं की गहन जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुसाबनी प्रखंड कार्यालय में उन्होंने उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, योजनाओं से संबंधित अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संधारण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आमजनों से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग की योजनाओं, मनरेगा के तहत संचालित कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा लाभुकों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मुसाबनी भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने आम बागवानी योजना के एक लाभुक से मुलाकात कर योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाभुक से योजना से प्राप्त हो रहे लाभ, पौधों की स्थिति, रखरखाव एवं आयवृद्धि की संभावनाओं के संबंध में संवाद किया। उपायुक्त ने कहा कि बागवानी आधारित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ किसानों एवं ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लाभुकों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात उपायुक्त डुमरिया पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन संधारण, नियमित मॉनिटरिंग एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
डुमरिया में उपायुक्त ने नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने भवन में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, चिकित्सा सेवाओं के लिए किए गए प्रबंधों तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए नए भवन में स्वास्थ्य सेवाओं की जल्द शिफ्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि नए भवन के संचालन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।
#Team PRD (East Singhbhum)







