आज से शुरू होगा झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026, तैयारियां पूरी; कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किसानों से की भागीदारी की अपील
रांची : के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में झारखंड का सबसे बड़ा कृषि उत्सव “झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026” आज (16 जून) से शुरू हो रहा है। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मोरहाबादी मैदान पूरी तरह कृषिमय माहौल में तब्दील हो चुका है और मेले के लिए आकर्षक स्टॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र तथा किसानों के लिए विशेष सुविधाएं तैयार की गई हैं।

16 से 18 जून 2026 तक आयोजित होने वाला यह मेला कृषि, तकनीक, नवाचार और व्यापार का अद्भुत संगम होगा। मेले में किसानों को आधुनिक खेती की उन्नत तकनीकों, नवीन कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, पशुपालन, बागवानी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों और उत्पादन बढ़ाने के उपायों से भी अवगत कराया जाएगा।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य के किसान भाई-बहनों, कृषि उद्यमियों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों से मेले में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसानों को नई तकनीकों और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने कहा, “आप सभी किसान भाई-बहनों, कृषि उद्यमियों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों से आग्रह है कि भारी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक मेले का लाभ उठाएं और झारखंड की कृषि उन्नति के इस महापर्व का हिस्सा बनें।” स्थान: मोरहाबादी मैदान तिथि: 16, 17 एवं 18 जून 2026 तक
यह मेला किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को समझने, विशेषज्ञों से संवाद करने और कृषि आधारित व्यवसाय के नए अवसर तलाशने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।





