राजनगर डीवीसी के समीप भीषण सड़क हादसा, आयरन लदे दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक की मौत

राजनगर डीवीसी के समीप भीषण सड़क हादसा, आयरन लदे दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक की मौत, दूसरा घायल
राजनगर:- सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे आयरन (लौह अयस्क) लदा एक ट्रेलर जमशेदपुर से चाईबासा की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य आयरन लदे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया।


घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक चालक की पहचान चक्रधर गिरी के रूप में हुई है। वह ओडिशा राज्य के क्योंझर जिले के घटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्जुनबिला गांव का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में दूसरे ट्रेलर का चालक भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वह किसी अन्य वाहन से इलाज के लिए चाईबासा चला गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
फिलहाल मृतक का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर में रखा गया है। पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई