दलमा की नई पहचान बना नन्हा गजराज ‘बादल’, पर्यटकों को खूब भा रही उसकी शरारतें
जमशेदपुर: दलमा वन्यजीव अभयारण्य इन दिनों एक खास मेहमान की वजह से पर्यटकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। नन्हा हाथी ‘बादल’ अपनी मासूम हरकतों, चंचल स्वभाव और शरारती अंदाज से हर किसी का दिल जीत रहा है। जंगल की हरी-भरी वादियों में उछल-कूद करता यह गजराज अब दलमा की नई पहचान बनता जा रहा है और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा क्षेत्र के जंगलों में बादल घायल और असहाय अवस्था में पाया गया था। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका रेस्क्यू किया और उसे दलमा वन्यजीव अभयारण्य लाया गया। यहां विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों और वनकर्मियों की देखरेख में उसका इलाज शुरू किया गया। लगातार उपचार, बेहतर पोषण और विशेष देखभाल के कारण बादल धीरे-धीरे स्वस्थ होता गया और अब पूरी तरह फिट एवं सक्रिय हो चुका है।

स्वस्थ होने के बाद बादल की चंचलता भी लौट आई है। वह दिनभर अपने महावतों और वनकर्मियों के साथ खेलता-कूदता नजर आता है। खास बात यह है कि उसे फुटबॉल खेलना बेहद पसंद है। कई बार वह बच्चों के साथ गेंद के पीछे दौड़ता है और अपनी सूंड से उसे धकेलकर खेल का आनंद लेता है। उसकी इन मासूम अदाओं को देखकर पर्यटक काफी उत्साहित हो जाते हैं।
गर्मी के मौसम में बादल का स्विमिंग पूल में मस्ती करना भी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पानी में उसकी अठखेलियां, छलांगें और शरारतें देखने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कई लोग उसके वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे बादल की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
दलमा आने वाले पर्यटक अब केवल जंगल सफारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नन्हे बादल को करीब से देखने की भी इच्छा रखते हैं। खासकर बच्चों और परिवारों के बीच उसका आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बादल की सेहत पूरी तरह सामान्य है और उसकी वृद्धि भी बेहतर तरीके से हो रही है।
दलमा में पहले से मौजूद पालतू हथिनी रजनी पर्यटकों के बीच लोकप्रिय रही है, लेकिन अब नन्हा गजराज बादल भी लोगों का चहेता बन गया है। उसकी मौजूदगी ने दलमा वन्यजीव अभयारण्य की रौनक को और बढ़ा दिया है। वन विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बादल दलमा पर्यटन का एक प्रमुख आकर्षण बनकर और अधिक पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा।





