आदित्यपुर रेलवे स्टेशन में नशामुक्ति अभियान, रेलकर्मियों को सीपीआर व अग्निशमन का दिया गया प्रशिक्षण
जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा आदित्यपुर रेलवे स्टेशन स्थित कैरेज एंड वैगन विभाग की सिक लाइन में नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों, ठेका मजदूरों एवं अन्य कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस सदस्यों ने सिक लाइन में कार्यरत कर्मचारियों और ठेका मजदूरों के बीच हैंडबिल (पंपलेट) वितरित कर तंबाकू, सिगरेट, गुटखा, पान मसाला एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान की जानकारी दी। उपस्थित लोगों को बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर डालती है।
नशामुक्ति जागरूकता अभियान के दौरान रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि तंबाकू, गुटखा और पान मसाला जैसे पदार्थ शरीर के विभिन्न अंगों को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाते हैं और कई गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की शपथ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही अपने परिवार और समाज के प्रति बेहतर जिम्मेदारी निभा सकता है।

जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ रेलकर्मियों को आपदा प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने की स्थिति में फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई तथा आग बुझाने का जीवंत प्रदर्शन कर कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अलावा नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में डूबने वाले व्यक्तियों को बचाने के उपाय, प्राथमिक उपचार तथा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विधि का भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
सिविल डिफेंस के प्रशिक्षकों ने बताया कि दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को इसकी बुनियादी जानकारी होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में कैरेज एंड वैगन सिक लाइन के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अंबुजा मंडल एवं सुमन कुमार के अलावा तकनीशियन, वेल्डर, स्टोरकीपर, ठेका कर्मी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं रेल सिविल डिफेंस के डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद, वालंटियर संजय कुमार एवं वीरेंद्र मंडल ने हैंडबिल वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया।
यह कार्यक्रम आदित्यपुर के मंडल यांत्रिक अभियंता सिद्धांत वर्मा के निर्देश पर आयोजित किया गया। उन्होंने रेल सिविल डिफेंस टीम से आग्रह किया कि कर्मचारियों के बीच सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किए जाएं, ताकि कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।






