*विश्व बाल मजदूर निषेध दिवस पर जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन*
विश्व बाल मजदूर निषेध दिवस के अवसर पर आज ब्रिंग बैक इंडियन कल्चर (BBIC) फाउंडेशन द्वारा जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में फाउंडेशन के बच्चों एवं युवा वॉलंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जागरूकता रैली के माध्यम से बाल मजदूरी के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया गया तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बाल श्रम के दुष्परिणामों एवं बच्चों के शिक्षा के अधिकार के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेबर सुपरिटेंडेंट श्री सत्येंद्र कुमार सिंह थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाल मजदूरी एक सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने एवं उनके अधिकारों की रक्षा करने पर बल दिया।
संस्था के सह-संस्थापक श्री कृष्णकांत राय ने कहा कि प्रत्येक बच्चे का स्थान विद्यालय में है, कार्यस्थल पर नहीं। उन्होंने समाज से बाल मजदूरी के खिलाफ एकजुट होकर बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य प्रदान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापक सदस्य श्रीमती पम्मी राय, श्री संतोष राय, कोऑर्डिनेटर अमित राम, रायमनी टुडू, संजय पिगुआ, शिक्षिका शांति पिगुआ, पानो, रिंकी देवगम सहित संस्था के अन्य सदस्य, स्वयंसेवक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा यह संकल्प लिया गया कि बाल मजदूरी के खिलाफ जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा तथा अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।






