डिजाइन प्रवेश परीक्षाओं में सफल 10 मेधावी विद्यार्थियों को विधायक सरयू राय ने किया सम्मानित

डिजाइन प्रवेश परीक्षाओं में सफल 10 मेधावी विद्यार्थियों को विधायक सरयू राय ने किया सम्मानित

जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित डिजाइन प्रशिक्षण संस्थान बीआरडीएस (भंवर राठौर डिजाइन स्टूडियो), जमशेदपुर द्वारा राष्ट्रीय स्तर की डिजाइन प्रवेश परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के नामी डिजाइन संस्थानों में प्रवेश सुनिश्चित करने वाले 10 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा शहर के कई गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय थे। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में अनुराग सरकार, हरलीन कौर, मनिदीपा नाग, प्रियांशी वर्णवाल, शरणाय, रौनक, अंबिका गुप्ता, सृष्टि महतो, दीपक कुमार शर्मा और कौशिक साहू शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने एनआईडी, निफ्ट तथा यूसीईईडी जैसी प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण डिजाइन प्रवेश परीक्षाओं में सफलता हासिल कर संस्थान और शहर का नाम रोशन किया है।
अपने संबोधन में विधायक सरयू राय ने कहा कि वर्तमान समय में डिजाइन शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार, नवाचार और उद्यमिता का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रही डिजाइन इंडस्ट्री में प्रशिक्षित और रचनात्मक युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में डिजाइन शिक्षा युवाओं के लिए बेहतर करियर विकल्प साबित हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देगी।
बीआरडीएस के निदेशक एवं प्रशिक्षकों ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और समाज में डिजाइन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इन कठिन और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। विद्यार्थियों की लगन, अभिभावकों के सहयोग और संस्थान के अनुभवी मार्गदर्शन के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी है।
कार्यक्रम के दौरान सफल विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन, रचनात्मक सोच और सही मार्गदर्शन के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। विद्यार्थियों ने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की कुंजी है। उनके अनुभवों ने उपस्थित अन्य छात्रों को भी डिजाइन क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए संस्थान के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में बीआरडीएस प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे जमशेदपुर के लिए गौरव का विषय है। संस्थान भविष्य में भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। साथ ही डिजाइन शिक्षा में रुचि रखने वाले युवाओं से इस क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा को नई पहचान देने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई