फिट इंडिया-स्वस्थ इंडिया अभियान के तहत सीआईएसएफ ने निकाली साइकिल रैली
जादूगोड़ा: फिट इंडिया-स्वस्थ इंडिया अभियान के तहत यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की जादूगोड़ा इकाई द्वारा सोमवार की सुबह कंपनी कॉलोनी क्षेत्र में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए साइकिल के नियमित उपयोग का संदेश दिया गया।
रैली में सीआईएसएफ के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही महिला इंस्पेक्टर निशा अंजलि टोपनो ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम और साइकिल चलाना अत्यंत आवश्यक है। साइकिल न केवल शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल के उपयोग की अपील करते हुए कहा कि इससे प्रदूषण कम होगा और स्वास्थ्य बेहतर रहेगा। रैली के दौरान जवानों ने फिट इंडिया अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम को जादूगोड़ा के स्थानीय लोगों ने सराहा और सीआईएसएफ के इस जागरूकता अभियान की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।






