प्रेस विज्ञप्ति
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC)
उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार ने किया बड़े नालों की सफाई कार्य का निरीक्षण
जमशेदपुर, दिनांक 04.06.2026
मानसून पूर्व तैयारियों के तहत नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा क्षेत्र के बड़े नालों की विशेष सफाई अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में आज उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार ने विभिन्न बड़े नालों में चल रहे सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त ने सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्य की गुणवत्ता में और सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदक (Contractor) को पर्याप्त संख्या में मानवबल एवं आवश्यक मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि निर्धारित समयावधि में बड़े नालों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जा सके।
श्री कृष्ण कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या को रोकने तथा सुचारू जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़े नालों की समयबद्ध एवं प्रभावी सफाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने तथा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नालों से निकाले जा रहे सिल्ट एवं कचरे के शीघ्र उठाव पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि पुनः नालों में अवरोध उत्पन्न न हो। साथ ही जलजमाव संभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर साफ करने के निर्देश दिए गए।
JNAC द्वारा मानसून पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर संबंधित नगर प्रबंधक , स्वच्छता शाखा के पदाधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।





