सफाई कर्मियों के अधिकारों को लेकर यूथ इंटक ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांगपत्र

सफाई कर्मियों के अधिकारों को लेकर यूथ इंटक ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा मांगपत्र
जमशेदपुर: राज्यभर में कार्यरत सफाई एवं स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर यूथ इंटक ने आवाज बुलंद की है। यूथ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला श्रम आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा। संगठन ने सफाई कर्मियों की सुविधाएं, सुरक्षा और सामाजिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सफाई एवं स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम कर शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
मांगपत्र में साप्ताहिक अवकाश के दौरान वेतन कटौती पर रोक लगाने, मेडिकल अलाउंस उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय अवकाश, आकस्मिक अवकाश और बीमार अवकाश की सुविधा देने की मांग की गई है। इसके अलावा सभी सफाई कर्मियों को जीवन बीमा, पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और फाइनल सेटलमेंट जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
यूथ इंटक ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह मास्क, दस्ताने, सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने न्यूनतम वेतन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर दुर्घटना होने की स्थिति में उचित मुआवजा और इलाज की व्यवस्था करने, ठेका प्रथा में पारदर्शिता लाने तथा श्रमिकों के शोषण पर रोक लगाने की भी मांग की।
इसके साथ ही सफाई कर्मियों की नियमित नियुक्ति, स्थायीकरण और कार्य के निर्धारित घंटे तय करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि ये मांगें केवल श्रमिकों के अधिकारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी गरिमा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से भी जुड़ी हुई हैं।
यूथ इंटक ने प्रशासन और राज्य सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि सफाई कर्मियों को उनका उचित अधिकार और सम्मान मिल सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई