जंगल में महुआ चुन रही वृद्ध महिला की हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
पोटका : पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नारदा पंचायत के कुंडूरकोचा गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के ही एक सनकी युवक ने महुआ चुन रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला की लाठी एवं पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत एवं आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गांव की वृद्ध महिला बुस्की मुर्मू सोमवार सुबह जंगल किनारे महुआ चुनने गई थी। इसी दौरान गांव के ही राम सरदार नामक युवक वहां पहुंचा और अचानक महिला पर लाठी तथा पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वृद्ध महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक राम सरदार को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर कोवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही कोवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल आरोपी युवक को भी इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी राम सरदार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था तथा उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





