सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को स्वच्छता से जोड़ने का प्रयास करेंगी तनुश्री बोस

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को स्वच्छता से जोड़ने का प्रयास करेंगी तनुश्री बोस

आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर तनुश्री बोस ने कहा है कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और उन्हें जागरूक करने का प्रयास करेंगी। उनका मानना है कि आज के दौर में सोशल मीडिया जनजागरूकता का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है और इसके जरिए स्वच्छता का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचीं तनुश्री बोस ने अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन एवं जनजागरूकता अभियानों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उप नगर आयुक्त रवि प्रकाश और डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर पारुल सिंह भी मौजूद रहे।

तनुश्री बोस ने कहा कि युवाओं की भागीदारी के बिना किसी भी सामाजिक अभियान को सफल बनाना कठिन है। इसलिए वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाएंगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

गौरतलब है कि तनुश्री बोस को जनवरी माह में आदित्यपुर नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। निगम को उम्मीद है कि उनके जुड़ाव से स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान को नई गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सकेगी।

Leave a Comment