रेल यात्री संघर्ष समिति पूर्ववत सक्रिय रहेगी
विधायक सरयू राय के निवास पर हुई बैठक में फैसला हुआ
बार बार आग्रह करने पर भी आजसू को छोड़ कोई सियासी दल शामिल नहीं, इस पर अफसोस जाहिर किया गया
चैंबर और अन्य व्यावसायिक संगठनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया
जमशेदपुर। रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक गुरुवार को दोपहर बाद विधायक सरयू राय के आवासीय कार्यालय पर हुई. बैठक में जमशेदपुर में रेलगाड़ियों की लेटलतीफी के विरुद्ध चलाए जा रहे आंदोलन की समीक्षा की गई, दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम द्वारा आंदोलन की मुख्य मांगें मान लिए जाने के बाद की स्थिति पर विचार हुआ. इसके लिए रेल जीएम को तथा आंदोलन में सक्रिय सहयोग करने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यावसायिक एवं राजनीतिक संगठनों एवं व्यक्तियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया.
बैठक में निर्णय हुआ कि रेल यात्री संघर्ष समिति पूर्ववत सक्रिय रहेगी और रेल जीएम द्वारा की गई यह घोषणा कि यात्री रेल गाड़ियों को खडाकर मालगाड़ियों को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, कितना लागू हो रही है, इसकी संघर्ष समिति छानबीन और निगरानी करेगी.
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि जीएम ने एक जनसंपर्क इंस्पेक्टर बहाल करने का निर्देश डीआरएम को दिया है, लिहाजा संघर्ष समिति इसके कार्यकलाप के बारे में सक्रिय रहेगी. संघर्ष समिति यात्री ट्रेनों की लेट लतीफी दूर करने के लिए पूर्ववत सचेष्ट रहेगी.
समिति ने रेल जीएम की इस स्वीकृति को गम्भीरता से लिया है कि विगत दस वर्षों में जमशेदपुर के आसपास रेल सुविधा ढाँचा खड़ा करने का कोई काम नहीं हुआ है. आखिर ऐसा क्यों हुआ, जमशेदपुर की ऐसी उपेक्षा क्यों की गई? पूरे देश मे 2016-17 से आजतक खरबों रूपए खर्च कर रेल ढाँचा एवं स्टेशनों का ढाँचा विकसित किया गया पर जमशेदपुर में ऐसा नही हुआ. आखिर क्यों? आज जितनी योजनाओं को बनाने की बात अरबों रूपए के खर्च पर जीएम और सांसद कर रहे हैं, वो योजनाएं गत दस वर्षों मे कियों नही बनी? इसके लिए कौन दोषी है? किसकी लापरवाही से ऐसा हुआ? यदि ये संरचनाएँ बन गई होतीं तो आज ट्रेनों की लेट लतीफी नही होती, यात्री कष्ट में नहीं पड़ते.
बैठक में इस बात पर अफसोस जाहिर किया गया कि संघर्ष में शामिल होने के लिए सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया पर आजसू के अलावा कोई दल आगे नहीं आया. कतिपय व्यवसायी संगठनों के प्रतिनिध अवश्य आए. चैंबर तथा मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारी अवश्य आए.
समिति की बैठक के दौरान विधायक सरयू राय ने पश्चिम सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी से दूरभाष पर बातचीत की। श्रीमती मांझी ने आंदोलन को पूरा सहयोग देने की बात कही तथा समिति की मांगों को गंभीरता से लागू कराने के लिए रेल जीएम से बातचीत करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि रेल जीएम द्वारा उन्हें पूर्व सूचना दी जाती तो वो भी बैठक में अवश्य शामिल होतीं।
समीक्षा बैठक में रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह, आजसू के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव एवं जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह तथा अमित शर्मा उपस्थित थे।






