पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन ने बुरुडीह को कान्दरबेड़ा से जोड़ने वाले पुल का शिलान्यास किया
चम्पाई सोरेन ने स्वर्णरेखा नदी पर बुरुडीह को कान्दरबेड़ा से जोड़ने वाले पुल का शिलान्यास किया
गम्हरिया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने आज सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह में स्वर्णरेखा नदी पर बुरुडीह को कान्दरबेड़ा से जोड़ने वाले पुल का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि इस पुल के बन जाने पर, क्षेत्र के लोगों के लिए चांडिल/ जमशेदपुर (NH-33) की यात्रा घंटों की जगह मिनटों में पूरी हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि युवाओं की सुविधा के लिए इस क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज को स्वीकृति दी गई है, जिसका निर्माण शीघ्र ही शुरू किया जायेगा। उस डिग्री कॉलेज के बन जाने के बाद, विद्यार्थियों विशेष कर छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा ग्रहण करना आसान हो जाएगा।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री पद पर रहने के दौरान चम्पाई सोरेन ने इस पुल तथा ऐसी अनगिनत सड़कों एवं विकास योजनाओं को स्वीकृति दी थी। उन योजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र का कायाकल्प हो जायेगा।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, रामदास टुडू, बबलू नाथ सोरेन, गुरुप्रसाद महतो, वृहस्पति मंडल, रघुनाथ मंडल, डॉक्टर मुर्मू, भीम हांसदा, पवित्र मंडल, राम हांसदा, मनसा मुर्मू, रतन सोरेन तथा सैकड़ों ग्रामीण एवं आम लोग मौजूद थे।





