गोलमुरी के नामदा बस्ती में फायरिंग से दहशत, पड़ोसी पर जान मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप
जमशेदपुर:जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती में कथित फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में स्थानीय युवक अमन सिंह ने अपने पड़ोसी वीर सिंह उर्फ पंडित पर जान मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
शिकायतकर्ता अमन सिंह, जो नामदा बस्ती ए-ब्लॉक लाइन नंबर-4 का निवासी है, ने बताया कि उसका भाई विक्की सिंह नशे और गलत संगत की ओर बढ़ रहा था। इसी बात को लेकर उसने अपने भाई को समझाया था और पड़ोस में रहने वाले वीर सिंह उर्फ पंडित से दूरी बनाने की सलाह दी थी। अमन का आरोप है कि वीर सिंह उसके भाई को गलत रास्ते पर ले जा रहा था।
अमन के अनुसार, 25 मई को उसने वीर सिंह उर्फ पंडित को दोबारा अपने भाई से दूरी बनाने को कहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश में मंगलवार की रात आरोपी मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचा और घर के बाहर बैठी उसकी मां राज कौर पर पिस्तौल से गोली चला दी।
हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और राज कौर बाल-बाल बच गईं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसके बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल में जुटी हुई है। इलाके में दहशत को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है।







