जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी से अज्ञात युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी
जमशेदपुर में गुरुवार को भी नदी से शव मिलने की घटना सामने आई है। मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित कालीघाट के पास स्वर्णरेखा नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह कुछ लोग नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में तैर रहे शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मानगो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि शव कहीं अन्य स्थान से बहकर स्वर्णरेखा नदी के इस हिस्से तक पहुंचा होगा। बताया जा रहा है कि शव करीब तीन दिन पुराना है और काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिसके कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को इलाके में पहले कभी नहीं देखा गया था। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है और आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।
मामले को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।







