देहरादून गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड : मुख्य आरोपी विशाल सिंह के जुगसलाई स्थित घर की कुर्की-जब्ती, फरार आरोपियों पर बढ़ा दबाव
जमशेदपुर : उत्तराखंड के चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड मामले में देहरादून पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर लगातार दूसरे दिन भी पुलिस ने जमशेदपुर में छापेमारी और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान देहरादून से पहुंची चार सदस्यीय पुलिस टीम ने जुगसलाई और बागबेड़ा थाना पुलिस के सहयोग से जुगसलाई गौशाला नाला रोड स्थित सुमित्रा भवन में मुख्य आरोपी विशाल सिंह के किराए के मकान पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि विशाल सिंह इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस जब सुमित्रा भवन पहुंची तो विशाल सिंह के घर के बाहर ताला लटका मिला। इसके बाद मकान मालिक की मौजूदगी में ताला खोला गया और पुलिस टीम घर के भीतर दाखिल हुई। पुलिस ने घर के अंदर मौजूद सामान का विस्तृत ब्यौरा तैयार किया और जब्ती सूची बनाई। घर में मौजूद फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं को सूचीबद्ध कर मकान मालिक की निगरानी में सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घर का सारा सामान देहरादून ले जाना संभव नहीं था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद घर को दोबारा सील कर लॉक कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और पुलिस गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा होती रही।
इससे पहले देहरादून पुलिस ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र निवासी और एक लाख रुपये के इनामी फरार आरोपी आकाश प्रसाद के घर पर भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की थी। पुलिस का मानना है कि लगातार हो रही इस कार्रवाई से फरार आरोपियों पर आत्मसमर्पण का दबाव बढ़ेगा।
इधर, पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य सह-आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। जानकारी के अनुसार जुगसलाई आरपी पटेल स्कूल रोड निवासी आशुतोष कुमार सिंह तथा मानगो उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू के घरों पर भी जल्द कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।
देहरादून पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल सभी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार विभिन्न राज्यों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।






