सासाराम स्टेशन पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन के कोच से उठा धुआं, त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर मंगलवार सुबह खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से अचानक धुआं निकलने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि रेलवे कर्मियों की तत्परता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 05:30 बजे प्लेटफॉर्म पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन के एक खाली कोच से धुआं निकलता देखा गया। उस समय ट्रेन स्थिर अवस्था में थी तथा कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद रेलकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और धुआं निकल रहे कोच को सुबह करीब 06:00 बजे ट्रेन से अलग कर दिया गया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। रेलकर्मियों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से करीब 06:45 बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में कर ली गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







