जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग, कारोबारी बाल-बाल बचे
रंगदारी फैलाने के इरादे से दुकान में घुसे अपराधी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के समीप शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात अपराधियों ने एक कारोबारी की दुकान में घुसकर फायरिंग कर दी। घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद कार्यालय के पीछे स्थित गोलछा शोरूम के पास दिनेश कुमार केड़िया की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। बताया जा रहा है कि लाल रंग की कार से पहुंचे अपराधी सीधे दुकान में घुसे और कारोबारी को निशाना बनाते हुए उनके सिर के पास गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग से कारोबारी घबरा गए और नीचे गिर पड़े। इसी बीच अपराधी वहां से तेजी से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी चारपहिया वाहन से आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद उसी वाहन से भाग निकले। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में रंगदारी और दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। वहीं सिटी एसपी भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से परहेज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय और उसके आसपास का इलाका काफी व्यस्त कारोबारी क्षेत्र माना जाता है। ऐसे इलाके में खुलेआम फायरिंग की घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है और उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।







