परसुडीह के मकदमपुर में जंगली जानवर की दहशत, घर में घुसने की सूचना से मची अफरा-तफरी

परसुडीह के मकदमपुर में जंगली जानवर की दहशत, घर में घुसने की सूचना से मची अफरा-तफरी
जमशेदपुर में बीते 24 घंटे के भीतर लगातार जंगली जानवर दिखने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। पहले टाटानगर रेलवे यार्ड क्षेत्र में संदिग्ध जंगली जानवर देखे जाने की खबर सामने आई थी, वहीं अब परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर इलाके में भी एक जंगली जीव के पहुंचने की चर्चा से लोगों में भय का माहौल बन गया है। लगातार दूसरी जगह पर ऐसे जानवर के देखे जाने की सूचना के बाद प्रशासन और वन विभाग की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बुधवार दोपहर परसुडीह के मकदमपुर स्थित मुंशी बाड़ी इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर के अंदर जंगली जानवर घुसने की बात सामने आई। स्थानीय निवासी भानु लाल के घर में परिवार के सदस्यों ने पलंग के नीचे किसी बड़े जंगली जीव को छिपा हुआ देखा। अचानक नजर पड़ते ही घर के लोग घबरा गए और जोर-जोर से शोर मचाने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक वह जानवर घर के भीतर ही छिपा रहा। लेकिन बाहर बढ़ती भीड़ और शोरगुल के कारण वह तेजी से बाहर निकला और पास की झाड़ियों की ओर भाग गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने घर के आसपास मिट्टी में बड़े पंजों के निशान भी देखने का दावा किया है। इन्हीं निशानों के आधार पर लोगों ने आशंका जताई कि यह तेंदुआ हो सकता है। हालांकि अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
घर में मौजूद आभा देवी ने बताया कि वह कमरे में बैठकर मोबाइल चला रही थीं। तभी अचानक पलंग के नीचे किसी हरकत का एहसास हुआ। जब उन्होंने झांककर देखा तो वहां एक जंगली जानवर दिखाई दिया। यह देखते ही वह डर गईं और शोर मचाने लगीं। उनके अनुसार कुछ ही सेकंड में पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद से परिवार के सदस्य काफी डरे हुए हैं और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने, बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने और रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। वहीं स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लगातार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय नजर नहीं आई, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
इस पूरे मामले के बीच सबा आलम अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रेलवे ट्रैक के पास दिखा जानवर तेंदुआ नहीं बल्कि जंगली बिल्ली जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि इलाके में मिले पंजों के निशान और प्रत्यक्षदर्शियों के दावों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल लोग दहशत में हैं और प्रशासन से जल्द स्पष्ट जानकारी एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई