रांची को जाम से राहत देने की तैयारी अरगोड़ा से डिबडीह तक बनेगा 469 करोड़ का एलिवेटेड रोड
Ranchi : राजधानी रांची में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए झारखंड सरकार ने बड़ी पहल की है। पथ निर्माण विभाग ने अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 469.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार एलिवेटेड रोड हरमू स्थित KAV रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह पुल के समीप सेलर नॉट रेस्टोरेंट तक बनाया जाएगा। परियोजना में कठल मोड़ (चापुटोली) तथा अशोक नगर रोड नंबर-3 की ओर अतिरिक्त कनेक्टिंग लेग भी शामिल होंगे, जिससे आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
पूरे प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी, जिसमें सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इस योजना को झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण (JSHA) के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
सरकार ने परियोजना को दो चरणों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 280.62 करोड़ रुपये खर्च कर 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जाएगा, जबकि शेष 40 प्रतिशत कार्य वित्तीय वर्ष 2027-28 में लगभग 189 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होगा।
इस परियोजना को मंत्रिपरिषद की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। फ्लाईओवर निर्माण के बाद अरगोड़ा चौक, हरमू, अशोक नगर और डिबडीह क्षेत्र में रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







