रांची : राज्य में आगामी 10 मई 2026 को आयोजित होने वाली B.Ed, M.Ed एवं B.P.Ed संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा को अगले आदेश तक टालने का निर्णय लिया है.
कब होगी नई परीक्षा तिथि की घोषणा
इस संबंध में पर्षद ने मंगलवार को आधिकारिक सूचना जारी कर दी. जारी नोटिस के अनुसार, पहले यह परीक्षा 10 मई 2026 (रविवार) को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होनी थी, लेकिन अब इस तिथि को परीक्षा नहीं ली जाएगी. पर्षद ने स्पष्ट किया है कि नई परीक्षा तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी, जिसकी जानकारी अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट और समाचार पत्रों के माध्यम से दी जाएगी.
परीक्षा स्थगित होने से हजारों अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई है. कई छात्र लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और अंतिम चरण की तैयारी में जुटे थे. अचानक परीक्षा टलने से उनकी रणनीति पर असर पड़ा है, हालांकि पर्षद के इस निर्णय को देखते हुए अभ्यर्थियों को अब अतिरिक्त समय मिल गया है, जिसका उपयोग वे अपनी तैयारी को और मजबूत करने में कर सकते हैं.
परीक्षा स्थगित से अभ्यर्थियों पर कितना पड़ेगा असर
अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है. अभ्यर्थी उमेश रंजन ने कहा कि हमलोग लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. अचानक परीक्षा स्थगित होने से थोड़ी निराशा जरूर हुई है, लेकिन अगर किसी अपरिहार्य कारण से निर्णय लिया गया है तो हमें उम्मीद है कि पर्षद जल्द ही नई तिथि घोषित करेगा, ताकि हम अपनी तैयारी के अनुसार आगे बढ़ सकें.
वहीं, अभ्यर्थी दिनेश प्रसाद ने कहा, परीक्षा टलने से हमारी योजना पर असर पड़ा है, लेकिन इसे एक अवसर के रूप में भी देख रहे हैं. अब हमें तैयारी को और बेहतर करने का समय मिल गया है. पर्षद से आग्रह है कि जल्द नई तारीख की घोषणा की जाए, ताकि अनिश्चितता खत्म हो सके.
JCECEB की वेबसाइट पर जारी होगी नई परीक्षा तिथि
पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें. साथ ही, नियमित रूप से JCECEB की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि नई तिथि से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके. गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2025 में भी झारखंड में आयोजित एक प्रवेश परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया गया था, जिससे परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था.
ऐसे में इस बार भी परीक्षा स्थगन के फैसले के बाद अभ्यर्थी सतर्क हैं और पर्षद से जल्द नई तिथि घोषित करने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल, पर्षद की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि परीक्षा अब पूर्व निर्धारित तिथि पर नहीं होगी और अगली तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट के लिए आधिकारिक माध्यमों पर ही निर्भर है







